
महराजगंज। महामाया आईटीआई पॉलिटेक्निक महराजगंज के विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अविष्कार फाउंडेशन की ओर से आयोजित प्रदेश स्तरीय उद्यमिता प्रतियोगिता में संस्थान की टीम ने पहला स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कैंप कार्यालय में विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस दौरान डीएम ने विद्यार्थियों के बिजनेस मॉडल 'ई-मेडिकेयर प्लस' के बारे में जानकारी ली और उनके काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरा जनपद गौरवान्वित है। उनकी सफलता से दूसरे विद्यार्थियों को भी कुछ नया करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। डीएम ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि यदि वे अपने बिजनेस मॉडल को जमीन पर उतारना चाहते हैं तो जिला प्रशासन की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।
लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के 25 जिलों से चुनी गई टीमों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच महामाया आईटीआई पॉलिटेक्निक महराजगंज की टीम ने अपने बिजनेस मॉडल की शानदार प्रस्तुति दी और पहला स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने 'ई-मेडिकेयर प्लस' के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एक नया बिजनेस मॉडल पेश किया था। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिलने पर टीम को दो लाख रुपये नकद पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस सफल टीम में अनुज कुमार गुप्ता, आर्यन मद्धेशिया, नमन सिंह, नीरज कुमार और रिया गुप्ता शामिल रहे। विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता के लिए कंप्यूटर साइंस के प्रवक्ता मनीष कुमार वर्मा ने मार्गदर्शन दिया। विद्यार्थियों की इस सफलता से संस्थान में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने साबित किया है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से छोटे शहरों के विद्यार्थी भी प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।