महराजगंज में नहर में डूबने से डेढ़ साल के मासूम की मौत

    03-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। घर के सामने खेल रहा डेढ़ साल का मासूम अचानक पास से गुजर रही नहर में जा गिरा। नहर में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां प्रमिला और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


यह घटना भिटौली थाना क्षेत्र के विशुनपुर खुर्द गांव की है। गांव निवासी पन्नेलाल मौर्य का डेढ़ वर्षीय इकलौता बेटा दिव्यांश सोमवार शाम करीब चार बजे घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह घर के सामने से गुजर रही नहर में गिर गया। बताया जा रहा है कि नहर में पानी कम था, इसके बावजूद मासूम किनारे ही डूब गया। कुछ देर बाद जब परिवार के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत बच्चे को नहर से बाहर निकाला।


परिजन बच्चे को लेकर आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दिव्यांश को मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां प्रमिला सहित परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।