सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर सिसवा से नौतनवा तक निकली भव्य संकल्प रैली

    03-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर सोमवार, 2 नवंबर 2026 को सिसवा विधानसभा से नौतनवा तक भव्य संकल्प रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में लोगों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और मजबूत भारत का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिसवा नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि के पुत्र श्री हर्ष जायसवाल शामिल हुए। वहीं, कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, साहस और दूरदर्शिता के बल पर देश की 562 रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने देश को एकता के सूत्र में पिरोकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया।


इस अवसर पर सिसवा विधानसभा के संयोजक राजन चौधरी, सह-संयोजक अश्वनी चौधरी, नौतनवा के प्रभारी प्रदीप चौधरी, हरि चौधरी एवं प्रवीण चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से लोगों को सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और मजबूत भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लौह पुरुष के विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को जन-जन तक पहुंचाना रहा।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।