
महराजगंज। सिसवा नगर के सबया दक्षिण टोला में लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़क की मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों का आक्रोश सोमवार शाम फूट पड़ा। समाजसेवी एवं एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा की अगुवाई में स्थानीय युवाओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान राजन विश्वकर्मा ने कहा कि वार्ड की यह सड़क करीब दस वर्षों से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और खराब स्थिति के कारण स्थानीय निवासियों के साथ राहगीरों को भी रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। विभागीय उदासीनता के चलते स्थानीय लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से जल्द सड़क मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में अमन गोंड, सूरज शर्मा, विनोद चौहान, जयसिंह चौधरी, अखिलेश चौधरी, विजय गोंड, दीपक भारती, रिशु, निलेश, राहुल शर्मा, कृष्णा, अभिमन्यु, जवाहिर, कुली, अंकित, अमितोष, धीरज, राजन, व्यास, छोटू, पवन, नीरज, अभिषेक गोलू, सुधीर, विशाल, बिट्टू, निरहू, आकाश, पिंटू, प्रकाश, अखिलेश, देवनाथ, ज्वाला, मनीष, दीपक, नागमणि और शिवम सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।