
उत्तर प्रदेश। दीपावली के मौके पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। मंगलवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर की रिफिल सब्सिडी वितरित की। इस दौरान कुल 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन लेने में होने वाले खर्च से राहत मिली है और अब सब्सिडी की रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी। इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत दिलाना और उन्हें मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि पहले गैस कनेक्शन लेना आसान नहीं था। लोगों को कनेक्शन के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार गैस कनेक्शन के लिए 25 से 50 हजार रुपये तक ब्लैक में देने पड़ते थे। उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों को इस परेशानी से राहत मिली है।
सीएम योगी ने कहा कि जब सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचता है, तभी सुशासन का असली मतलब पूरा होता है। उन्होंने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले युवाओं के रोजगार, किसानों और महिलाओं की आत्मनिर्भरता के लिए पर्याप्त काम नहीं हुआ। उन्होंने उस समय हुए कॉमनवेल्थ गेम्स और टूजी घोटाले का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि 2017 से पहले त्योहारों के समय लोगों को अपनी सुरक्षा और संपत्ति की चिंता रहती थी। कई जगह दंगे, उपद्रव और कर्फ्यू जैसी स्थिति बन जाती थी। उन्होंने कहा कि आज दीपावली पर बाजारों में रौनक है और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं उद्योगों में नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं।
सीएम योगी ने कहा कि असमय बारिश, तूफान और सूखे से किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों को राहत देने के लिए सरकार एक अलग पैकेज लाने की तैयारी कर रही है, जिससे करीब तीन करोड़ किसान परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भी नया पैकेज लाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उनका लक्ष्य है कि हर महिला आर्थिक रूप से मजबूत बने और उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर बने। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों और महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने के लिए योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।