
महराजगंज। गोरखपुर में बुधवार को आयोजित होने वाली 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में सहभागिता करने के लिए सिसवा नगरपालिका के उत्तर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धीरू सिंह अपने समर्थकों और सहयोगियों के साथ गोरखपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कई अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे।
रवाना होने के दौरान धीरू सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। धीरू सिंह ने अधिक से अधिक लोगों से पदयात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी के माध्यम से जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
इस अवसर पर समाजसेवी राजन विश्वकर्मा, जितेंद्र कुमार सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य सहयोगी मौजूद रहे। सभी ने गोरखपुर पहुंचकर पदयात्रा में शामिल होने को लेकर उत्साह जाहिर किया। पदयात्रा में सहभागिता के लिए रवाना हुए कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।