दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिठाई दुकानों से मिले 80 किलो दूषित खोया को कराया नष्ट

    04-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। दिवाली पर्व को देखते हुए मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर की तीन मिठाई दुकानों पर छापेमारी कर खोया और सोनपापड़ी के नमूने एकत्र किए। इस दौरान 80 किलोग्राम दूषित खोया मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। नष्ट किए गए खोया की कीमत करीब 24 हजार रुपये बताई गई है।


प्रभारी सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय केके उपाध्याय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की। अभियान के तहत सबसे पहले बॉसपार रोड स्थित एक मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया, जहां से खोया का नमूना लिया गया। इसके बाद कोतवाली के निकट स्थित दूसरे मिष्ठान भंडार से सोनपापड़ी का नमूना एकत्र किया गया। वहीं इंदिरानगर स्थित तीसरे मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर वहां से भी खोया का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान टीम को 80 किलोग्राम दूषित खोया मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे खोया को मौके पर ही नष्ट करा दिया।


इसकी अनुमानित कीमत 24 हजार रुपये बताई गई है। इस दौरान दुकानदारों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और दुकानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान के दौरान कुल तीन नमूने एकत्रित किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह, हिमांशु जयंत, हंसराज प्रसाद और पवन कुमार गोंड शामिल रहे। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।