निचलौल-चौक मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल; एक जिला अस्पताल रेफर

    04-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। निचलौल-चौक मार्ग पर ग्रामसभा दमकी के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल पहुंचाया गया, जहां एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।


जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार निवासी भोलू (18) पुत्र रामकिशुन अपनी रिश्तेदार राजनंदनी (40) पत्नी कैलाश, निवासी बजहा उर्फ अहिरौली, को बाइक से लेकर चौक मार्ग से निचलौल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चौक थाना क्षेत्र के सेखुई गांव निवासी नीतू (20) पुत्री गजेंद्र दूसरी बाइक से निचलौल से चौक की तरफ जा रही थीं।


बताया जा रहा है कि ग्रामसभा दमकी के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में भोलू, राजनंदनी और नीतू घायल हो गए। सीएचसी निचलौल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अमरनाथ जायसवाल ने बताया कि हेलमेट नहीं पहनने के कारण बाइक चालक भोलू के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। घायलों का उपचार उनके परिजन करा रहे हैं। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।