
महराजगंज। नेटवर्किंग कंपनी में रुपये जमा करने के बाद मूलधन और कमीशन नहीं मिलने से परेशान चार महिलाएं मंगलवार को महिला एजेंट के घर पहुंच गईं। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर एजेंट ने अपने सहयोगियों को बुला लिया और महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट का प्रयास किया। पीड़ित महिलाओं ने श्यामदेउरवां थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के लुहसी गांव निवासी रासमुखी, आशा देवी, खुशबू और यशोदा ने बताया कि करीब तीन साल पहले उन्होंने महराजगंज जिले के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बैजौली गांव निवासी एक महिला के माध्यम से नेटवर्किंग कंपनी में 14-14 हजार रुपये जमा किए थे।महिलाओं का आरोप है कि रुपये जमा कराते समय महिला एजेंट और उसके सहयोगियों ने हर महीने दो से तीन हजार रुपये कमीशन देने का भरोसा दिलाया था। लेकिन रुपये जमा करने के बाद उन्हें न तो कोई कमीशन मिला और न ही उनका मूलधन वापस किया गया।
पीड़ित महिलाओं के मुताबिक, पिछले करीब दो वर्षों से वे अपने रुपये वापस मांग रही थीं, लेकिन कंपनी के कर्मचारी लगातार टालमटोल करते रहे। मंगलवार को चारों महिलाएं अपना मूलधन वापस लेने के लिए महिला एजेंट के घर पहुंचीं। आरोप है कि रुपये वापस मांगते ही महिला एजेंट नाराज हो गई और उसने अपने सहयोगियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने महिलाओं के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने के लिए दौड़ा लिया। घटना से परेशान चारों महिलाओं ने श्यामदेउरवां थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल महिलाएं अपने जमा किए गए रुपये वापस दिलाने और न्याय की गुहार लगा रही हैं।