
महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र के आनंदनगर वार्ड नंबर-1 में मंगलवार देर रात अज्ञात व्यक्ति ने घर के दरवाजे पर खड़ी स्कूटी में आग लगा दी। पेट्रोल डालकर आग लगाए जाने से स्कूटी कुछ ही देर में धू-धूकर जलने लगी। पड़ोसियों के शोर मचाने पर घर के लोग बाहर निकले और ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, आनंदनगर वार्ड-1 निवासी सूरज वर्मा की स्कूटी मंगलवार रात उनके घर के सामने दरवाजे पर खड़ी थी। रात करीब एक बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों से घिर गई।
स्कूटी को जलता देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर सूरज वर्मा के परिजन घर से बाहर निकले। इसके बाद ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि लोगों के प्रयास सफल नहीं हो सके और स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को है। फिलहाल पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्कूटी में आग लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।