
महराजगंज। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना एक युवती को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक साइबर जालसाज ने युवती को भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसाया और यूके से भारत आने का झांसा देकर करीब 22 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा पकड़े जाने और रिहाई के नाम पर रुपये मांगे। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर पालिका महराजगंज के बिस्मिल नगर वार्ड नंबर-22 निवासी लवली वर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि इंस्टाग्राम पर उन्हें रवि शर्मा नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद संबंधित व्यक्ति ने अपना नाम रवि शर्मा बताया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। धीरे-धीरे आरोपी ने युवती का विश्वास जीत लिया और उसे अपनी बातों में फंसा लिया। उसने खुद को यूके में रहने वाला बताया और युवती से मिलने के लिए भारत आने की बात कही।
युवती का विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने उसे बोर्डिंग पास भी भेजा। इसके बाद उसने बताया कि वह मुंबई एयरपोर्ट पहुंच चुका है। कुछ समय बाद आरोपी ने फोन कर कहा कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया है और छोड़ने के लिए रुपये की मांग कर रहे हैं। आरोपी ने मदद के नाम पर युवती से पैसों की व्यवस्था करने को कहा और उसे एक बैंक खाता उपलब्ध कराया। उसकी बातों पर विश्वास करके युवती ने अलग-अलग तारीखों में यूपीआई के माध्यम से रकम भेजनी शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार, 24 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 के बीच उसने अलग-अलग तारीखों में करीब 22 लाख रुपये आरोपी के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी आरोपी की पैसों की मांग बंद नहीं हुई। उसने युवती से आठ लाख रुपये और भेजने को कहा। लगातार रुपये मांगे जाने पर युवती को अपने साथ साइबर ठगी होने का संदेह हुआ। इसके बाद उसने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना प्रभारी रसीद खां ने बताया कि शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगी से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने और बिना सत्यापन के किसी को पैसे भेजने के जोखिम को उजागर किया है।