
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में महज दो माह की मासूम बच्ची अपने माता-पिता के साथ कमरे में सो रही थी, लेकिन सुबह अचानक बिस्तर से गायब मिली। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बच्ची के अपहरण की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची रात में अपने माता-पिता के साथ कमरे में सो रही थी। मां ने रात करीब 2:30 बजे मासूम को दूध पिलाया था। इसके बाद बच्ची सो गई और माता-पिता भी गहरी नींद में चले गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो बच्ची बिस्तर से गायब थी। उन्होंने पूरे कमरे में तलाश की, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला।
कमरे का बल्ब कपड़े से ढका और खिड़की मिली खुली
घटना के बाद कमरे की स्थिति देखकर परिजन और भी परेशान हो गए। कमरे का बल्ब कपड़े से ढका हुआ था, जबकि खिड़की खुली मिली। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिवार ने बच्ची के अपहरण की आशंका जताई है। मासूम के अचानक गायब होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर ठूठीबारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मासूम की तलाश के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में बच्ची की तलाश कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि माता-पिता के साथ कमरे में सो रही दो माह की बच्ची आखिर अचानक कहां चली गई? कमरे का बल्ब कपड़े से ढका होना और खिड़की खुली मिलना भी जांच का विषय है।फिलहाल बच्ची के लापता होने की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चिंता और चर्चा का माहौल है।