महराजगंज में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा: पुलिस और ATS की संयुक्त कार्रवाई में 2 गिरफ्तार, 60 लाख का गांजा बरामद

    06-Nov-2026   
Total Views |

महाराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महराजगंज पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना ठूठीबारी पुलिस, एटीएस सिद्धार्थनगर और एटीएस गोरखपुर की संयुक्त टीम ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 क्विंटल 22 किलो 975 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त की गई है।


पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर नौवाबारी के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने नैमुन निशा उर्फ जहांतारा और राजेन्द्र गौड़ उर्फ रविन्द्र को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नैमुन निशा उर्फ जहांतारा (49 वर्ष), पत्नी जलालुद्दीन, निवासी चैनपट्टी, थाना तरयां सुजान, जनपद कुशीनगर और राजेन्द्र गौड़ उर्फ रविन्द्र (50 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 7 आजाद नगर, थाना सेवरही, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।


स्कॉर्पियो समेत 60 लाख का गांजा बरामद

पुलिस के मुताबिक, संयुक्त टीम ने आरोपियों के पास से कुल 1 क्विंटल 22 किलो 975 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी संख्या UP32LB-9957 भी बरामद की गई है।


पुलिस के अनुसार, आरोपी राजेन्द्र गौड़ उर्फ रविन्द्र का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में थाना ठूठीबारी में मुकदमा संख्या 150/2026 के तहत धारा 8/20/29 NDPS एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।



फैज़ अहमद खान

फैज़ अहमद खान (Faiz Ahmad Khan) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रमुख (District Head) के पद पर कार्यरत हैं। यह जिले की संपूर्ण रिपोर्टिंग टीम का नेतृत्व करते हैं और प्रमुख प्रशासनिक, सामाजिक व प्रादेशिक समाचारों का प्रबंधन करते हैं।