
महराजगंज। काशी, मथुरा और अयोध्या को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। धमकी भरे ईमेल के मद्देनजर महराजगंज जिले में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त निगरानी बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा की मुख्य चौकियों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों से गुजरने वाली पगडंडियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। SSB और पुलिस की टीमें 24 घंटे गश्त कर रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। सीमा पर आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा बल लोगों के पहचान पत्रों की जांच करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की तलाशी भी ले रहे हैं। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही लोगों को आने-जाने की अनुमति दी जा रही है।
काशी, मथुरा और अयोध्या जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की धमकी के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का प्रयास है कि सीमा के रास्ते किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवांछित व्यक्ति की आवाजाही को रोका जा सके। फिलहाल महराजगंज की भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और SSB व पुलिस की टीमें लगातार निगरानी एवं गश्त कर रही हैं।