
महराजगंज। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 30 विभागों के नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि निर्वाचन कार्य बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी नोडल अधिकारी अपने विभाग के सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें भी निर्वाचन संबंधी कार्यों के प्रति गंभीर रहने के लिए निर्देशित करें।
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और अपने-अपने कार्यक्षेत्र का भ्रमण कर आवश्यक जानकारियां जुटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान सामने आने वाली संभावित समस्याओं और कठिनाइयों को पहले से चिह्नित किया जाए और इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते उनका समाधान किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी तालमेल बेहद जरूरी है। सभी अधिकारी आपसी सहयोग से निर्वाचन संबंधी तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव की तैयारियों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, वरिष्ठ कोषाधिकारी राज कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के नोडल और सहायक नोडल अधिकारी मौजूद रहे।