Maharajganj News : इलाज के लिए गई थी मेडिकल स्टोर… इंजेक्शन लगते ही थमी सांसें! कटहरी बाजार में महिला की मौत से हड़कंप

    10-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
कोठीभार थाना क्षेत्र के कटहरी बाजार में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गयी जब एक दवा की दुकान पर इलाज कराने पहुंची महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने इंजेक्शन लगाया और इसके बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मेडिकल स्टोर के बाहर हंगामा कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामला शांत कराया। स्टोर को सील कर दिया गया है। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम शीतलापुर निवासिनी सुभावती श्रीवास्तव (55) कटहरी खुर्द स्थित अपने मायके आई थी। उसको बुखार था और ब्लड प्रेशर की दिक्कत थी।


वह अपनी भाभी के साथ मेडिकल स्टोर पर इलाज कराने पहुंची। मेडिकल स्टोर संचालक ने उसकी बीमारी की जांच के बाद इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही समय बाद महिला की मौत हो गई। मृतका की भाभी बेबी ने बताया है कि उसकी ननद की सुबह तबीयत खराब हुई थी। मेडिकल स्टोर संचालक ने पहले खून जांच कराई और इसके बाद इंजेक्शन लगा दिया।

इंजेक्शन लगने के 10 मिनट बाद उल्टी होने के साथ वह नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई है। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिए। ग्रामीणों की सूचना पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामले को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसओ धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित पक्ष की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसकी सूचना सीएमओ को दी गई है।

टीम ने मेडिकल स्टोर किया सील मेडिकल स्टोर पर इलाज के दौरान महिला की हुई मौत के बाद मेडिकल स्टोर संचालक फरार हो गया। एसओ धर्मेंद्र कुमार सिंह की सूचना पर सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद के निर्देश पर निचलौल सीएचसी के डॉ. अमरनाथ जायसवाल ने स्टाफ नर्स आनंद यादव, दिलीप पटेल और मुकेश गुप्ता के साथ मौके पर पहुंचकर मेडिकल स्टोर सील कर दिया।