Maharajganj News : 40 गाँवों की बदलने वाली है सूरत ! 60 करोड़ की लागत से कच्ची राहें बनेंगी पक्की सड़कें

    13-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के ग्रामीण इलाकों में रहने वालों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से कच्ची सड़कों की समस्या से जूझ रहे 40 गांवों को अब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मार्च के अंत तक काम शुरू होगा।

जानकारी के अनुसार, जिले के 12 विकास खंडों में कुल 48.5 किलोमीटर ऐसी कच्ची सड़कों की पहचान की गई है, जो अब तक किसी प्रमुख लिंक मार्ग से नहीं जुड़े हैं। इन सड़कों को पक्की सड़क में तब्दील किया जाएगा।

ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एवं पीएमजीएसवाई इकाई की ओर से सर्वेक्षण के बाद प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। चयनित एवं प्रस्तावित 40 गांवों में सड़क संपर्क की स्थिति काफी खराब है।


विकास खंड पनियरा के ग्राम पंचायत बैदा अनुसूचित बस्ती से तेंदुअहिया तक जाने वाला संपर्क मार्ग भी इस योजना में शामिल किया गया है। बैदा की निवासी शांति ने बताया कि सड़क बनने के बाद बड़हरा लाला, तेंदुअहिया, सुचितपुर, अनंतपुर, रामनगर और मुजुरी सहित कई गांवों के लोगों को गोरखपुर जिले के मछली गांव होते हुए फरेंदा पहुंचना आसान हो जाएगा। मनोज सहानी, राजेश सहानी, रामबचन निषाद, श्याम नरायन आदि का कहना है कि आने वाले दिनों में समस्या दूर हो जाएगी।

40 ऐसे सड़क चिंह्नित किए गए हैं, जो वर्तमान में कच्ची और बदहाल स्थिति में हैं, जो लिंक रोड से नहीं जुड़े हैं। ऐसे सड़कों को पिच सड़क बनाया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार किया गया है।