Maharajganj News : सहालग में बढ़ा पेट का संकट! तला-भुना खाना और देर रात जगना पड़ रहा भारी

    13-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज। इन दिनों चल रहे शादी विवाह के मौसम में लजीज व्यंजनों का स्वाद सेहत पर भारी पड़ रहा है। अधिक तेल व मसाला युक्त भोजन व देर रात्रि तक जागने की मजबूरी पेट से जुड़ी तकलीफ बढ़ा रही है।

गुरुवार 26 रोगी उदर समस्या से जुड़े पहुंचे जिन्हें जांच रिपोर्ट के आधार पर दवा व एहतियात के बारे में चिकित्सकों ने जानकारी दी।

गुरुवार को जिला अस्पताल में 614 रोगियों का उपचार हुआ। अधिकतर रोगी सीजनल रोग सर्दी, जुकाम, बुखार के रहे। नए रोगियों में उदर रोगी रहे जो पेट की विभिन्न तकलीफ अपच, गैस, पेटदर्द, पेट फूलने व भूख न लगने जैसी समस्या से दो चार हो रहे थे।


डॉ. पवन कुमार ने जांच रिपोर्ट देखकर दवा परामर्श व बचाव हिदायत दी। बताया कि इन दिनों सहालग में तले-भुने खाद्य पदार्थ खाने से लोगों की सेहत प्रभावित हो रही है। सहालग में देर रात तक लोग विभिन्न प्रकार के पकवानों का स्वाद चख रहे हैं।

देर रात जगने के कारण नींद पूरी नहीं हो रही है। इस कारण डिहाइड्रेशन व उदर रोग की अधिकता बढ़ी है। इसलिए उदर रोग लेकर आने वालों को शादी विवाह के आयोजन में हल्का खानपान व गरिष्ठ खाद्य से दूर रहने की सलाह दी जा रही।