Maharajganj News : पांच साल बाद भी अधूरा फायर स्टेशन, 31 मार्च 2025 की डेडलाइन भी बीती

    22-Feb-2026
Total Views |

ठूठीबारी।
नौनिया गांव में फॉयर स्टेशन का निर्माण कार्य पांच साल बाद भी अधूरा पड़ा है। कार्यदायी संस्था को इसका निर्माण पूर्ण करके 31 मार्च 2025 को संबंधित विभाग को हैंडओवर करना था लेकिन समय सीमा पूरा होने के 11 महीने बाद भी निर्माण कार्य अधूरा है।

निचलौल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत नौनिया में कार्यदायी संस्था यूपी पुलिस आवास निगम लिमिटेड करीब सात करोड़ रुपये की लागत से 2019-2020 से फॉयर स्टेशन का निर्माण करवा रही है। धीमी गति से हो रहे निर्माण कार्य के चलते निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी कार्य पूरा नहीं हो पाया है।

क्षेत्रीय ग्रामीण दिलीप मद्धेशिया, सोनू नायक, हरीनारायण, हैप्पी नायक, मुक्तिनाथ, सुरेंद्र कुमार, अवधेश प्रसाद, जीतनरायण, शमसुल, फिरोज खान, जितेन्द्र कुमार, मोहन चौधरी, शैलेश गुप्ता, हेमंत त्रिपाठी, आसिफ अली और अखिलेश आदि का कहना है कि एक ही साथ फॉयर स्टेशन, बिजली घर और राजकीय इंटर काॅलेज का निर्माण शुरू हुआ था। राजकीय इंटर काॅलेज बनकर तैयार हो गया।


दो साल से बच्चे उसमें पढ़ भी रहे हैं। बिजली घर भी बन कर तैयार हो गया है। वहां साल भर से क्षेत्र में बिजली सप्लाई दी जा रही है लेकिन ढाई साल में बनकर तैयार होने वाला फायर स्टेशन पांच साल बीतने के बाद भी अधर में लटका हुआ है।

इस संबंध में पूछने पर जेई मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि फॉयर स्टेशन का प्रशासनिक भवन तैयार हो चुका है। इस समय टाइप ए के दो भवन तथा टाइप बी के 14 भवनों का निर्माण कार्य तेजी के साथ कराया जा रहा है। जल्द ही निर्माण पूरा कराकर संबंधित विभाग को इसे हैंडओवर कर दिया जाएगा।