UP Board Exam Update : कड़ी निगरानी के बीच बड़ी संख्या में परीक्षार्थी गायब! यूपी बोर्ड परीक्षा में 3,525 ने छोड़ी परीक्षा
24-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। सोमवार को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की अहम् परीक्षाएं कड़ी निगरानी के बीच आयोजित हुई लेकिन बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति ने सवाल खड़े कर दिए। कल हाईस्कूल में अंग्रेजी व दूसरी पाली इंटरमीडिएट में गणित व जंतु विज्ञान की परीक्षा थी। इन परीक्षाओं में कुल 3,525 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। इसमें हाईस्कूल के 2,720 और इंटर में 804 परीक्षार्थी शामिल हैं।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं कड़ी निगरानी व सचल दल की जांच-पड़ताल के बीच शुचिता पूर्ण तरीके से संपन्न हो रही हैं। सोमवार सुबह की पाली में अंग्रेजी की परीक्षा सभी 104 केंद्रों पर हुई। इसमें 38,375 के सापेक्ष 35,672 ने परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं वीओसी एफडी में इंटर में 533 की जगह 516 ने परीक्षा दी। 17 गैरहाजिर रहे। 29 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा हुई।
इसी प्रकार दूसरी पाली में इंटरमीडिएट गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा कुल 66 केंद्रों पर संपन्न हुई। इसमें 20,062 के सापेक्ष 19,258 उपस्थित रहे। 804 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं हाईस्कूल हेल्थ एजुकेशन विषय का इकलौता परीक्षार्थी अनुपस्थित पाया गया। सचल दल ने पहली पाली में 27 व दूसरी पाली में 20 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और शुचिता पूर्ण परीक्षा की रिपोर्ट दी।