Maharajganj News : होली मनाने घर आ रहे हैं तो रुकिए ! ये आपके काम की बात है
25-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। वो जिलेवासी, जो होली मनाने घर लौट रहे हैं या जा रहे हैं उनकी सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग ने ख़ास तैयारी की है। उन यात्रियों को परिवहन निगम के परिचालक जहरखुरानों से बचाव को लेकर जरूरी जानकारी देंगे। यह प्रयोग लांग रूट पर जाने वाले बस परिचालकों के जरिये परिवहन निगम जहरखुरान गिरोह की गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए किया जा रहा है।
महराजगंज डिपो से 15 बसें दिल्ली, कानपुर लखनऊ व प्रयागराज रूट पर जाएंगी। इनके परिचालक जहरखुरानी गिरोह से सावधान रहने की सीख भी यात्रियों को देंगे। बस रवाना होने से पूर्व ही यात्रियों को जरूरी जानकारी दी जाएगी।
राज्य स्तर से मिले निर्देश के क्रम में एआरएम ने डिपो के सभी परिचालकों के लिए निर्देश जारी किए हैं। स्थानीय डिपो से 76 बसों का संचालन किया जा रहा है। इसमें लांग रूट की 15 सेवाएं 28 फरवरी की मध्य रात्रि से 9 मार्च तक संचालित होंगी। होली पर्व पर दिल्ली लखनऊ, कानपुर मार्ग पर यात्रियों की संख्या अधिक रहती है।
कई बार बसों में यात्रा कर रहे लोग जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो जाते हैं। इन घटनाओं से बचाव के लिए डिपो के अफसरों की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देश में कहा गया है कि लंबे मार्ग पर संचालित होने वाली बसों के परिचालक यात्रियों को जहरखुरानी गिरोह के संबंध में जागरूक करें। साथ ही बस गंतव्य पर रवाना करने से पूर्व उसमें मौजूद यात्रियों का फोटो भी परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करना होगा।
पीड़ितों को थाने तक पहुँचाना अनिवार्य जहरखुरानी गिरोह का शिकार होने पर चालक-परिचालक पीड़ित यात्री को चौराहे पर या फिर अन्य कहीं नहीं छोड़ सकेंगे। बल्कि उन्हें निकटतम थाने की सुपुर्दगी में देकर ही आगे बढ़ सकेंगे।