Maharajganj News : सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली बनी मौत का जाल, एक टक्कर में बुझ गए दो घरों के चिराग
25-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम डिंगुरी स्थित बागीचे के पास मुजुरी-पनियरा मार्ग पर मंगलवार की देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। शाम करीब सात बजे एक धान लदी खड़ी ट्राॅली से एक बाइक टकरा गई। हादसे में करमहिया निवासी धर्मेंद्र सिंह (40) व सनी शर्मा (28) निवासी फरेंदा की मौत हो गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, डिंगुरी स्थित बगीचे के पास सड़क किनारे एक धान लदी ट्राली खड़ी थी। इसी बीच करमहिया निवासी धर्मेंद्र सिंह (40) और बसडीला स्थित ननिहाल में रहकर करमहिया तिराहे पर सैलून की दुकान चलाने वाला सनी शर्मा (28) निवासी फरेंदा मुजुरी किसी काम से आए थे।
यहां से वह एक साथ बाइक से घर जा रहे थे। तभी अनियंत्रित होकर बाइक खड़ी ट्राॅली से टकरा गई। दुर्घटना में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पीएचसी लाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धर्मेंद्र सिंह किराने की दुकान चलाता है। उनकी एक बेटी सोनाक्षी (15) व बेटा आलोक सिंह (12) और पत्नी संगीता है। वहीं मृतक सनी अपने माता-पिता का बड़ा पुत्र है। उससे छोटा एक भाई है। उसकी पत्नी का नाम तनु है और उसके भी दो बच्चे हैं। उसके दो बच्चे विराट (5) व सम्राट (1.5) है। सूचना मिलने पर अस्पताल परिसर में आए परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जरूरी कार्रवाई हो रही है।