Maharajganj News : टूटी रेलिंग, बढ़ता खतरा! मधुबनी नहर पुल पर कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

    25-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
मिठौरा क्षेत्र के मधुबनी में नहर पर बने पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों की चिंता बढ़ गई है। यह स्थिति राहगीरों के लिए लगातार खतरा बनी हुई है। पुल के एक हिस्से की सुरक्षा रेलिंग लंबे समय से टूटी हुई है, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को जोखिम उठाना पड़ रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल मिश्रवलिया, पिपरिहा, मठिया, पड़री, मोरवन, मिठौरा और भागाटार सहित कई गांवों को जोड़ता है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग पैदल, साइकिल और दोपहिया वाहनों से इस मार्ग का उपयोग करते हैं।

रात के समय पुल पर रोशनी की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा, बरसात के दिनों में फिसलन बढ़ने से दुर्घटना का खतरा और अधिक बढ़ जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित विभाग को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है। लोगों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि समय रहते रेलिंग की मरम्मत नहीं की गई, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कराकर पुल को सुरक्षित बनाने की मांग की है।