Maharajganj News : हाई रिस्क प्रेग्नेंसी पर खास प्रशिक्षण: समय पर पहचान से बचाई जा सकती है मां-शिशु की जान
26-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। बुधवार को सीएमओ कार्यालय के सभागार में उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान एवं प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में प्रत्येक ब्लॉक से एक चिकित्सक और एक स्टाफ नर्स को शामिल किया गया।
सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि गर्भावस्था के विभिन्न चरणों में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के संकेत क्या-क्या होते हैं। इनमें एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, पिछले गर्भपात का इतिहास, जुड़वा बच्चे, कम उम्र या अधिक उम्र की गर्भावस्था, संक्रमण आदि प्रमुख कारक शामिल हैं।
इन संकेतों की पहचान कैसे की जाए, इस पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं को तुरंत उच्च स्तर की स्वास्थ्य सुविधा जैसे सीएचसी डीएच में रेफर करने की प्रक्रिया, रेफरल के दौरान आवश्यक सावधानियां और आपातकालीन प्रबंधन की जानकारी दी गई।
साथ ही जांचों के बारे में भी विस्तृत चर्चा हुई। बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग, हीमोग्लोबिन टेस्ट, यूरिन टेस्ट, ब्लड शुगर जांच, अल्ट्रासाउंड विशेषकर लेवल-2, स्क्रीनिंग टेस्ट आदि जांचों का समयबद्ध निष्पादन मां और शिशु दोनों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षण सत्र में जिला ट्रेनर एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह, डॉ. रोमा गुप्ता तथा डॉ. शेफाली ने मुख्य रूप से सभी बिंदुओं पर प्रकाश डाला और व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समझाया। कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका, डॉ. मंजुला, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह, कुलदीप, बबीता सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी और स्टाफ मौजूद रहे।