Maharajganj News : दोपहर में दस्तक, देर शाम तक जांच… GST रेड से कांपा घंटाघर चौक
26-Feb-2026
Total Views |
नौतनवा। कस्बे के घंटाघर चौक क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब वाराणसी से आई केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) की टीम ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के कार्यालय और आवास पर छापेमारी की। जीएसटी कागजातों में हेराफेरी व फर्जी फर्म के आधार पर सरकार को राजस्व का करोड़ों का नुकसान पहुंचाने का मामले में यह छापेमारी की गयी। घंटों चली विभाग की इस छापेमारी की सूचना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
महिला टीम के साथ पहुंची सीजीएसटी की टीम ने देर शाम तक छापेमारी के बाद लैपटॉप, हार्ड डिस्क समेत विभिन्न दस्तावेजों को जब्त कर लिया और सीए को सम्मन देकर वापस लौट गई। नौतनवा पहुंची सीजीएसटी टीम को सूचना थी कि नेपाल को निर्यात होने वाले सामग्रियों के बदले मिलने वाले सरकारी रिफंड का लाभ लेने के लिए अलग-अलग फर्म को जरिया बनाकर अब तक करोड़ों रुपये का वारा-न्यारा किया गया है, जिसमें सीए की भूमिका संदिग्ध है।
बुधवार को अधीक्षक के नेतृत्व में वाराणसी से आई टीम ने घंटाघर चौक स्थित सीए के यहां छापेमारी की तो दस्तावेज में खेल होने का मामला सामने आया। दोपहर के करीब डेढ़ बजे से देर शाम तक अधिकारी दस्तावेजों की मिलान और जांच-पड़ताल में जुटे रहे। सीए एवं कार्यालय में कार्यरत कर्मियों से पूछताछ में कोई भी स्पष्ट व संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
जीएसटी अधिकारी का कहना है कि फिलहाल मामला बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा से जुड़ा हुआ लग रहा है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मौके से लैपटॉप, हार्ड डिस्क एवं दस्तावेजों को जब्त कर सीए को सम्मन देकर उन्हें कार्यालय पर तलब किया गया है। कार्यालय में मिलान एवं विधिक जांच पूरी होने के बाद आयुक्तालय स्तर से अग्रिम आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।