Maharajganj News : 27 फरवरी तक पटरी सूनी! इंटरसिटी रद्द, यात्रियों झेल रहे जेब पर तिहरा बोझ
27-Feb-2026
Total Views |
नौतनवा। छपरा से नौतनवा आने वाली 15105 अप तथा नौतनवा से चलकर छपरा तक जाने वाली 15106 डाउन इंटर सिटी एक्सप्रेस 27 फरवरी तक निरस्त है। इस वजह से यात्री परेशान हैं। सुबह 9:40 बजे के बाद से दिन में कोई ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को शाम तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है।
जिन यात्रियों को जल्दी रहती है उन्हें अधिक किराया देकर बस से यात्रा करनी पड़ रही है। ट्रेन व बस के किराए में तीन गुना का अंतर है।
नौतनवा रेलवे स्टेशन से गोरखपुर या अधिक दूरी तक यात्रा करने के लिए सुबह 6:05 बजे पैसेंजर ट्रेन गोरखपुर के लिए प्रस्थान करती है। उसके बाद सुबह 8:45 बजे पैसेंजर ट्रेन गोरखपुर से नौतनवा पहुंचती है। 9:40 बजे गोरखपुर के लिए प्रस्थान करती है। बृहस्पतिवार को 9:40 बजे के बाद कोई ट्रेन नहीं होने से दोपहर में स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहता है।
मजबूरी में यात्रियों को अधिक किराया देकर यात्रा करनी पड़ रही है। इस रूट पर दुर्ग एक्सप्रेस नौतनवा से सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, शनिवार तथा रविवार को चलती है जो 10:05 बजे रात में नौतनवा स्टेशन पर आती है। दूसरे दिन सुबह 11:35 बजे नौतनवा से प्रस्थान करती है।
किराए में तीन गुना का अंतर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार को निरस्त रहती है। नकहा जंगल और मानीराम के बीच गडर लांचिंग कार्य होने के कारण इंटरसिटी एक्सप्रेस 25 से 27 फरवरी तक निरस्त है। यह ट्रेन 12:25 बजे नौतनवा रेलवे स्टेशन पर आती है और अपराह्न 3:10 बजे प्रस्थान करती है। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिल जाती है।
लोग कम किराए में अपने गंतव्य तक पहुंच जाते थे। इंटरसिटी एक्सप्रेस का नौतनवा से गोरखपुर 45 रुपये किराया है जबकि बस से 140 रुपये लगता है। इंटरसिटी ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।
यात्री दुर्जन व बादामी निवासी गौरी बाजार देवरिया और लक्ष्मीना व शकुंतला निवासी सिवान बिहार ने बताया कि नेपाल के भैरहवा आंख का इलाज कराने गए थे। स्टेशन पर आए तो ट्रेन निरस्त थी। मजबूरी में बस से यात्रा करनी पड़ेगी। अजय, रामकिशुन, सुग्रीव, जितेंद्र, दीपशिखा, नंदिनी, कल्याणी, किस्लवती ने बताया कि ट्रेन निरस्त होने से अधिक किराया देकर बस से यात्रा करनी पड़ रही है।
अब यात्रियों की निगाहें 27 फरवरी पर टिकी हैं, जब उम्मीद है कि इंटरसिटी दोबारा पटरी पर लौटेगी।