Maharajganj News : क्या टीईटी पर छिड़ेगा बड़ा संग्राम? महराजगंज से उठी चिंगारी दिल्ली तक पहुंचने के संकेत
27-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता के विरोध में गुरुवार को टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन किया। धरने के बाद बीएसए कार्यालय से मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे।
इसके बाद शिक्षकों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री से अपील की गई कि अध्यादेश लाकर आरटीई एक्ट लागू से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी कीमत पर टीईटी की अनिवार्यता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अगर सरकार अध्यादेश लाकर टीईटी की अनिवार्यता से छूट नहीं देती तो हम दिल्ली तक संघर्ष को मजबूर होंगे। जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष त्रिभुवन नारायण गोपाल ने कहा कि सरकार शिक्षकों के साथ न्याय करे। टीईटी की अनिवार्यता से छूट दें।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने कहा कि टीईटी की अनिवार्यता का न्यायालय का निर्णय शिक्षकों के साथ धोखा है। सरकार से अपील है कि वह संसद में कानून बनाकर पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट दे। जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि हम इस अन्याय के खिलाफ संघर्ष के लिए तैयार हैं। जिलामंत्री जूनियर संघ उपेंद्र पांडेय ने कहा कि जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ इस संघर्ष में कदम मिलाकर चलेंगे।