Maharajganj News : क़िस्त चुकाने के बाद भी नहीं मिली कार ! युवक ने बैंक में किया ये काम

    28-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
कार की नियमित किस्त जमा करने के बावजूद वाहन रोके जाने और अतिरिक्त रकम की मांग से आहत एक युवक ने शुक्रवार को बैंक परिसर में अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इस सनसनीखेज घटना से बैंक में हड़कंप मच गया और युवक गंभीर रूप से झुलस गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीआरडी मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।

कोठीभार थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी प्रिंस यादव ने करीब पांच वर्ष पूर्व अपनी कार को एक निजी कंपनी से फाइनेंस कराया था। परिजनों के मुताबिक वाहन की मासिक किस्त 9,800 रुपये तय थी, जिसका वह नियमित भुगतान कर रहा था। आरोप है, कि शुक्रवार को उसने 9,800 रुपये की किस्त बैंक में जमा की। इसके बावजूद बैंक प्रबंधन ने उसकी गाड़ी गोरखपुर में रुकवा दी।


आरोप है कि बैंक मैनेजर ने कथित रूप से 8,500 रुपये अतिरिक्त जमा करने की मांग की। इससे क्षुब्ध होकर पीड़ित ने महराजगंज के श्याम मंदिर स्थित बैंक शाखा पहुंचा। वहां मैनेजर मौजूद नहीं थे लेकिन सेल्स ऑफिसर कार्यालय में मिले। पीड़ित ने गाड़ी छुड़वाने की गुहार लगाई।

आरोप है कि इसी दौरान मैनेजर ने फोन पर धमकी भी दी। बैंक के इस रवैये से आहत युवक ने बैंक परिसर में ही पेट्रोल डालकर आग लगा ली। मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल भिजवाया।

सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।