Maharajganj News : औचक निरीक्षण में खुलीं खामियां! CDO ने दी चेतावनी—रात्रि निवास नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई
28-Feb-2026
Total Views |
लक्ष्मीपुर। गांवों में विकास कार्यों की रफ़्तार और जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र सिंह ने शुक्रवार को ब्लाॅक मुख्यालय लक्ष्मीपुर का अचनाक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ब्लाॅक मुख्यालय पर रात्रि निवास न करने वाले सचिवों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने ब्लाॅक लक्ष्मीपुर की 96 ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं पेयजल, शौचालय निर्माण, स्वच्छता अभियान, सड़क एवं नाली निर्माण की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गांवों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत हों और आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिले। किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने ब्लाॅक परिसर में लगे दोनों खराब हैंडपंपों की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को तत्काल हैंडपंपों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब ब्लॉक मुख्यालय की ही स्थिति संतोषजनक नहीं होगी तो ग्राम पंचायतों में व्यवस्था सुधारने का संदेश कैसे जाएगा।
सीडीओ ने विशेष रूप से ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति और रात्रि निवास के मुद्दे को गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कई सचिव ब्लॉक मुख्यालय पर रात्रि निवास नहीं करते, इससे प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हो पाता।
उन्होंने निर्देश दिया कि ब्लाॅक परिसर में बने कर्मचारियों के आवासों का विधिवत आवंटन किया जाए तथा सभी संबंधित कर्मचारी अनिवार्य रूप से वहीं रात्रि निवास करें। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीडीओ ने कहा कि ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, शौचालयों की उपयोगिता, पेयजल की उपलब्धता और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों में जाकर भौतिक सत्यापन करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी मृत्युंजय यादव, एडीओ पंचायत दिनेश पाठक, एपीओ आभा दुबे, इंदु प्रकाश राय, प्रमोद मौजूद रहे।