Maharajganj News : अब हर डिलीवरी डिजिटल रिकॉर्ड में! मंत्रा एप से होगी जच्चा-बच्चा की पल-पल निगरानी

    07-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने डिजिटल निगरानी प्रणाली लागू कर दी है। अब सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर होने वाली डिलीवरी का विस्तृत ब्योरा मंत्रा एप पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जा रहा है।

इस व्यवस्था के तहत गर्भावस्था की शुरुआत से लेकर प्रसव और प्रसवोत्तर देखभाल तक की समस्त जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संकलित की जा रही हैं। ताकि जच्चा-बच्चा की सेहत पर लगातार नजर रखी जा सके।


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में कुल 17 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं एक नगरीय पीएचसी संचालित हैं।

डिलीवरी के बाद प्रसूता का नाम, पति का नाम, पता, आयु, आधार कार्ड विवरण, मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक सूचनाएं एप में दर्ज की जाती हैं। साथ ही गर्भावस्था की अवधि, प्रसव की तिथि, प्रसव का प्रकार (सामान्य अथवा सिजेरियन), प्रसव स्थल और संबंधित स्वास्थ्य केंद्र का नाम भी रिकॉर्ड किया जा रहा है।

मंत्रा एप पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 30 दिसंबर तक जिले में कुल 22 हजार 241 प्रसूताएं पंजीकृत हैं।