Gorakhpur News : गोरखपुर में ‘विरासत गलियारा’ परियोजना तेज, प्रभावित दुकानदारों को मिलेंगी नई दुकानें

    10-Mar-2026
Total Views |

गोरखपुर।
जिले में महानगर के सबसे व्यस्त और पुराने कारोबारी क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात पाने के लिए सड़क चौड़ीकरण की विशेष परियोजना विरासत गलियारा को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के साथ साथ चौड़ीकरण से प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

सड़क चौड़ीकरण में सरकार का सहयोग करने वाले विरासत गलियारा के प्रभावित दुकानदारों को सम्मान स्वरूप नई दुकानें आवंटित की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रभावित व्यापारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।


इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर घंटाघर में बन रहा कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स पूर्ण होने के करीब है। जबकि नार्मल परिसर में बनने वाले एक अन्य कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को भी शासन से मंजूरी मिल गई है। यह कॉम्प्लेक्स 36.47 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा।

कारोबार और जीवन सुगमता के लिहाज से गोरखपुर में धर्मशाला बाजार से लेकर पांडेयहाता तक विरासत गलियारा के नाम से सड़क का चौड़ीकरण कराया जा रहा है. यह शहर का काफी पुराना व्यापारिक क्षेत्र है, इसलिए यहां आज के दौर में लोगों और व्यापारियों की आमद के लिहाज से सड़कें काफी संकरी नजर आ रही थीं।

सड़क चौड़ीकरण की परियोजना शुरू होने के बाद कई दुकानदारों की दुकानों का स्वरूप प्रभावित हुआ, हालांकि सभी ने सरकार की पहल का स्वागत करते हुए चौड़ीकरण में सहयोग किया। सीएम योगी ने पहले से स्पष्ट कर कर दिया था कि विकास प्रक्रिया में किसी को उजड़ने नहीं दिया जाएगा बल्कि उन्हें व्यवस्थित पुनर्वास का अवसर दिया जाएगा।