Gorakhpur Gas Crisis : गैस की कमी ने छीना स्वाद ! रेस्टॉरेंट के मेन्यू से गायब हो गए पसंदीदा व्यंजन

    14-Mar-2026
Total Views |

Gorakhpur Gas Crisis :
बीते कुछ समय से शहर में शुरू हुई कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की किल्लत अब होटल और रेस्टोरेंट के संचालन पर भी बुरी तरह असर डाल रही है। गैस की किल्लत के चलते कई होटल-रेस्टोरेंट ने अपने मेन्यू के बहुत से आइटम अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं, जबकि कुछ दुकानदार लकड़ी और अंगीठी का सहारा लेकर सीमित मात्रा में फास्ट फूड बनाने की तैयारी में हैं।

विजय चौराहा स्थित एक रेस्टोरेंट में गैस की कमी के चलते प्रथम तल पर बने किचन और बैठने की व्यवस्था को फ़िलहाल बंद कर दिया गया है। बैंक रोड स्थित होटल के संचालक आचिंत्य लाहिड़ी ने बताया कि उपलब्ध गैस का सीमित उपयोग किया जा रहा है, इसलिए कई मेन्यू आइटम हटाने पड़े हैं।


शहर की मशहूर चटोरी गली में भी स्थिति शोचनीय है। ज़्यादातर दुकानदारों ने मेन्यू में शामिल कई फास्ट फूड आइटम कम कर दिए हैं। कुछ ने कहा कि शनिवार से समोसा बनाना भी बंद करना पड़ सकता है। अगले दो दिनों में लकड़ी और अंगीठी पर फास्ट फूड बनाने की योजना है लेकिन गैस संकट यूँ ही बना रहा तो कई दुकानें अस्थायी रूप से बंद हो सकती हैं।

दो काॅमर्शियल गैस सिलिंडर हैं, वो भी ख़त्म होने वाला है। इसके चलते ज्यादातर आइटम बंद कर दिए हैं। शेक, पनीर टिक्का और वेज कबाब बना रहे हैं। समोसा भी शनिवार से बंद हो जाएगा, अब लकड़ी पर बनाना पड़ेगा: अरूज मिश्रा, रेस्टोरेंट मालिक

काॅमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। गैस सिलिंडर की आपूर्ति जल्द होनी चाहिए। फास्ट फूड आइटम बनाने के लिए लकड़ी मंगाई है : देवेंद्र प्रताप, एक रेस्टोरेंट संचालक