Maharajganj News : 35 साल बाद साधु बनकर लौटा पति ! फिर क्या हुआ जो परिवार ठगा सा रह गया, पढ़िए डिटेल्स
16-Mar-2026
Total Views |
लक्ष्मीपुर। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हैरान कर देने वाली घटना हुई। 35 साल पहले लापता हुआ पति अचानक साधु के वेश में घर लौटा, लेकिन कुछ ही दिनों बाद धार्मिक यज्ञ के नाम पर लाखों रुपये लेकर फिर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, शादी के दो साल बाद ही एक साल के मासूम के साथ पति छोड़कर चला गया। उसके लौटने की उम्मीद भी खत्म हाे गई। इसी बीच तीन महीने पहले एक दिन अचानक पति साधु वेश में घर लौट आया। सालों के बाद पति को अपने पास देखकर पत्नी और बेटे-बहू की खुशी का ठिकाना नहीं था लेकिन वह खुशी कुछ दिन की ही मेहमान थी।
तीन दिन में ही पति कोलकाता में एक यज्ञ कराने के नाम पर 2.70 लाख रुपये लेकर फिर चंपत हो गया। काफी तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चला तो पत्नी ने पुलिस को पति के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
पुरंदरपुर पुलिस को पत्नी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उसकी शादी करीब 37 साल पहले हुई थी। शादी के करीब दो साल बाद ही पति अचानक उसे और एक बच्चे को छोड़कर कहीं चले गए। लंबे समय तक उनका कोई पता नहीं चला।
परिवार के लोग यह मान बैठे थे कि शायद अब वह वापस नहीं आएंगे। किसी तरह उसने बच्चे की परवरिश की। इसी बीच करीब 35 वर्षों बाद एक जनवरी 2026 को वह अचानक साधु की वेशभूषा में घर पहुंच गया। इतने वर्षों बाद पति को देखकर घरवालों की खुशी का ठिकाना नहीं था। बेटे की भी शादी हो चुकी थी। गांव में भी यह चर्चा का विषय बन गया कि वर्षों बाद वह साधु बनकर घर लौटे हैं।
बताया जा रहा है कि पति ने पत्नी से बताया कि वह कोलकाता में एक बड़ा धार्मिक यज्ञ कराने जा रहा है, जिसमें काफी धन खर्च हो रहा है। यह भी कहा कि यज्ञ पूरा होने के बाद उन्हें लगभग 45 लाख रुपये मिलेंगे। वह यह रकम परिवार को सौंप देंगे।
पति की बातों पर भरोसा कर पत्नी और बेटे-बहू ने मदद करने का निर्णय लिया। यज्ञ में सहयोग देने के लिए परिवार ने अपने रिश्तेदारों व आसपास के लोगों से उधार लेकर उसे करीब ढाई लाख रुपये दे दिए। इसके बाद वह चला गया। कुछ दिन बाद फिर फोन कर 20 हजार रुपये और भेजने को कहा, जिसे मोबाइल के माध्यम से भेज दिया गया।
पैसा देने के बाद जब घर वालों ने वापस आने को कहा तब 24 जनवरी 2026 से अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने काफी समय तक अपने स्तर से खोजबीन की पर उससे संपर्क नहीं हो सका तब पत्नी ने पुरंदरपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुरंदरपुर थाना प्रभारी थाना प्रभारी मनोज कुमार राय के अनुसार, पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।