Maharajganj News : रजिस्ट्री का वादा और लाखों की ठगी… जमीन के बहाने विधवा की जिंदगी से खेल गया डीलर

    17-Mar-2026
Total Views |

परतावल।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम बसहिया बुजुर्ग की एक विधवा महिला के साथ चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विधवा ने जमीन दिलाने के नाम पर लगभग साथ लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बसहिया बुजुर्ग निवासी नीति वर्मा ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके पति की 17 जनवरी 2024 को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ मायके में रहकर मजदूरी कर किसी तरह जीवनयापन कर रही है।

पीड़िता के अनुसार, उसने प्रॉपटी डीलर हसन अली निवासी गोरखपुर से बसहिया बुजुर्ग में 8 डिसमिल जमीन 2.37 लाख रुपये प्रति डिसमिल के हिसाब से लगभग 19 लाख रुपये में खरीदने का सौदा किया था। इसमें तीन डिसमिल जमीन उसके नाम तथा 5 डिसमिल जमीन उसके पिता जयप्रकाश वर्मा के नाम रजिस्ट्री होनी थी। आरोप है कि उसने अपने जेवर बेचकर तथा पिता द्वारा अलग-अलग तिथियों में नकद व चेक के माध्यम से कुल करीब 16 लाख रुपये जमीन डीलर को दे दिए।


28 मई 2025 को उसके पिता के नाम 5 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री कर दी गई लेकिन उसके हिस्से की तीन डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री एक सप्ताह में करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद से जमीन डीलर लगातार टालमटोल करता रहा और कई बार थाने में लिखित इकरारनामा देने के बावजूद तय तिथि पर रजिस्ट्री कराने नहीं पहुंचा।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि 28 जनवरी 2026 को जब वह अपने पिता के साथ जमीन पर पहुंचकर रजिस्ट्री कराने या पैसा वापस करने की बात कही तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी वहां से भाग गया। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।