Maharajganj News : बच्चों की जान से खिलवाड़! बिना परमिट-फिटनेस दौड़ रहीं 3 स्कूल बसें सीज
17-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। सोमवार एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने पुरैना, शिकारपुर व घुघली में स्कूल वाहनों की सघन जांच की। जांच के दौरान तीन स्कूल बस बिना परमिट व फिटनेस के संचालित मिलीं। एआरटीओ ने तीनों बसों को सीज कर दिया।
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर एआरटीओ मार्च में बकाया टैक्स व बिना फिटनेस संचालित स्कूल बसों की जांच कर कार्रवाई कर रहे हैं। अब तक पांच स्कूली वाहन फिटनेस न मिलने के चलते सीज किए जा चुके हैं और 12 का चालान किया गया है। सोमवार को एआरटीओ मनोज कुमार सिंह जांच के लिए घुघली रूट पर पहुंचे।
इस दौरान नगर पंचायत घुघली में विभिन्न निजी स्कूलों के वाहन चेक किए। इनमें तीन स्कूल बसें ऐसी मिलीं जिनके पास फिटनेस और परमिट तक नहीं था।
एआरटीओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए तीनों बसों को सीज कर दिया। साथ ही इसकी जानकारी बीएसए व डीआईओएस को देकर स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की।