Maharajganj News : 200 लोगों की बस्ती ‘कैद’! रास्ता नहीं, खेत में रास्ते पर विवाद, महिलाओं का फूटा गुस्सा

    17-Mar-2026
Total Views |

भिटौली।
परतावल ब्लॉक के तरकुलवा तिवारी ग्राम पंचायत के केवटान टोला में रास्ता न होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। गाँव वालों का कहना है कि वर्षों से मुख्य मार्ग से उनकी बस्ती तक कोई पक्का या कच्चा संपर्क मार्ग नहीं हैं। इस वजह से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, विकासखंड परतावल के तरकुलवा तिवारी के इस टोले में करीब 20 से 25 घरों की करीब 200 की आबादी निवास करती है। ग्रामीणों का आरोप है कि बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। उन्हें घुटनों तक पानी में होकर मुख्य मार्ग तक पहुंचना पड़ता है। कई बार प्रशासन से रास्ता बनवाने की मांग की गई लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला।


स्थानीय निवासी निर्मल यादव ने भिटौली थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनके खेत में जबरन रास्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं बस्ती की निवासी राधिका देवी ने आरोप लगाया कि करीब पांच वर्ष पहले निर्मल यादव ने उनके ससुर रामनरेश से कुछ जमीन खरीदी थी और उसके बाद से उनके ससुर लापता हो गए।

उनका कहना है कि उनके चक में अभी भी पर्याप्त जमीन बची हुई है जहां से ग्रामीणों के सहयोग से रास्ता बनाया जा रहा था लेकिन पुलिस ने निर्मल यादव की शिकायत पर रास्ता निर्माण कार्य रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि खेत की पैमाइश करा दी जाए तो रास्ते के लिए पर्याप्त जमीन निकल सकती है।

महिलाओं का यह भी आरोप है कि रास्ता निर्माण के लिए मात्र एक डिसमिल जमीन के लिए करीब दस लाख रुपये की मांग की जा रही है जो उनके लिए संभव नहीं है। प्रदर्शन में राधिका देवी, आरती देवी, पूनम, इंद्रावती, रजली, तेतरा देवी, सुनीता, ममता, कृपा देवी, चनिया, कुंती देवी, जोनिया देवी, वंदना देवी, गीता, संगीता, विमल, निर्मला, उर्वशी सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द पैमाइश कराकर बस्ती के लिए रास्ता बनवाने की मांग की है।