Maharajganj News : लाइन में लगो फिर भी नहीं मिलेगी गैस! 45 दिन की बुकिंग ने बढ़ाई मुसीबत

    19-Mar-2026
Total Views |

धानी बाजार।
रसोई गैस की होम डिलीवरी न होने और बुकिंग की समय सीमा 45 दिन करने से ग्रामीण क्षेत्र के गैस उपभोक्ताओं को बहुत परेशानी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए किसी भी कंपनी ने होम डिलीवरी शुरू नहीं की है। ऐसे में लोगों को लाइन में लगाकर इंतजार करना पड़ रहा है। इसके बाद भी लोगों को गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रही है।

होम डिलीवरी नहीं होने से किसान, व्यापारी से लेकर नौकरी पेशा वाले सभी लोग परेशान हैं। नौकरीपेशा लोगों का कहना है कि गैस लेने के लिए छुट्टी लेकर जाना पड़ रहा है। बावजूद इसके कोई गारंटी नहीं है कि गैस मिल ही जाएगी। धानी क्षेत्र के अधिकांश उपभोक्ता आनंदनगर स्थित इंडेन गैस एजेंसी से जुड़े हैं।


क्षेत्र से गैस एजेंसी की दूरी 12 किलोमीटर है। इसके अलावा क्षेत्र में एचपी की दो अन्य गैस एजेंसियां संचालित हैं, मगर किसी ने भी होम डिलीवरी सेवा शुरू नहीं की है। क्षेत्र के शैलेन्द्र सिंह, राजू अग्रहरि, सुरेश अग्रहरि, सत्यलक्ष्मी देवी, शशि भाई कपूर, मोनू राईनी, इसरार अहमद आदि का कहना है कि होम डिलीवरी नहीं होने से हम लोग परेशान हैं।

ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग की समय सीमा 45 दिन करने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। परिवार बड़ा होने की वजह से कई घरों में एक गैस सिलेंडर एक महीना भी नहीं चल पाता है। ऐसे में लोगों को पारंपरिक ईंधन साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। साथ ही रसोई गैस के लिए लाइन में खड़े होना पड़ रहा है।