Gorakhpur News : क्या अब ख़त्म होगी सालों पुरानी जलभराव की समस्या ? शक्तिनगर से सहदेवनगर तक बड़े बदलाव की तैयारी
02-Mar-2026
Total Views |
गोरखपुर। वार्ड नंबर-46 स्थित शक्तिनगर से सहदेवनगर कॉलोनी तक लम्बे समय से चली आ रही टूटी सड़कों और जलभराव की समस्या अब जल्द ख़त्म होने की उम्मीद जगी है। नगर निगम ने क्षेत्र की टूटी सड़कें, जलभराव और अव्यवस्थित नालियों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस पहल की है।
15वें वित्त आयोग की निधि से प्रस्तावित इस परियोजना को मेयर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली समिति से स्वीकृति मिल चुकी है, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। करीब 1.20 करोड़ रुपये से सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
परियोजना का उद्देश्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाना और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है। इसके तहत आरसीसी नाली का निर्माण कर उसे गोड़धोइया नाले से जोड़ा जाएगा, जिससे बरसात में जल भराव की समस्या से निजात मिल सके। इसके अलावा साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग कर पैदल चलने वालों और स्थानीय निवासियों को अतिरिक्त सुविधा दी जाएगी।