Maharajganj News : होली की रात से शहर रहेगा अलर्ट मोड पर, जानिए क्या हैं खास इंतजाम
02-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। होली के मद्देनज़र नगर पालिका परिषद ने महराजगंज में विशेष इंतजाम किये हैं। अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर क्षेत्र के चिह्नित सभी होलिका दहन स्थलों पर पालिका की टीम मुस्तैद रहेगी। इतना ही नहीं मंगलवार रात से पानी की सप्लाई पूरे 24 घंटे बहाल रखी जाएगी।
होली के रंगोत्सव में कोई खलल न पड़े इसके लिए महराजगंज नगर पालिका परिषद की तरफ से माकूल इंतजाम किए गए हैं। पानी की सप्लाई सके लिए जनरेटर का प्रबंध है। सफाई कर्मी अपने नियमित कार्य की तरह सफाई कार्य में मुस्तैद रहेंगे।
किसी तरह की बिजली, पानी व सफाई की समस्या होने पर लोग नगर पालिका को फोन कर सकते हैं समस्या तत्काल सुलझाने के प्रबंध व कर्मचारी उपलब्ध रहेंगे। बताया कि आज रात्रि नगर क्षेत्र में चिह्नित 23 होलिका दहन स्थलों पर नगर पालिका कर्मियों की टीम मुस्तैद रहेगी। मंगलवार व बुधवार दो दिन मोबाइल ट्रांसफार्मर व पानी टैंकर जरूरत पड़ने वाले क्षेत्रों में भेजे जाएंगे।
भारी वाहनों का डायवर्ट रहेगा रूट होली त्योहार के मद्देनजर बुधवार को नगर क्षेत्र में भारी वाहन सुबह सात बजे से रात 10 बजे तक नहीं दाखिल हो सकेंगे। यातायात इंस्पेक्टर अरूणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार को यह डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
फरेंदा की ओर से आने वाले वाहन पकड़ी से डायवर्ट होंगे वहीं गोरखपुर व घुघली की तरफ से आने वाले वाहन शिकारपुर व परतावल से दूसरे रास्ते पर निकलेंगे। निचलौल की तरफ से आने वाले वाहन सिंदुरिया से डायवर्ट हो जाएंगे। कस्बे में केवल रोडवेज वाहनों का आवागमन ही रहेगा।