Maharajganj News : रमजान और होली पर सख्ती, महराजगंज में हाई अलर्ट; 4 जोन-19 सेक्टर में बंटी सुरक्षा व्यवस्था

    02-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
रमजान माह में होली पर्व के दौरान मौहाल बिगाड़ने वालों उपद्रवियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्यवाई के निर्देश दिए हैं। इसलिए महराजगंज में होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के जिलाधिकारी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है।

इसके लिए जनपद को 4 जोन और 19 सेक्टर में विभाजित कर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है और 1 मार्च से 4 मार्च तक विशेष सतर्कता बरती जा रही है। 2-3 मार्च को होलिका दहन तथा 04 मार्च को रंगोत्सव मनाया जाएगा। पर्व के साथ रमजान माह को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के निर्देश पर जनपद में अभूतपूर्व पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत अतिरिक्त फोर्स के रुप में 10 निरीक्षक, 26 उपनिरीक्षक, 164 हेड कांस्टेबल, 27 महिला आरक्षी, 2 प्लाटून पीएसी और 6 फायर टेंडर लगाए गए हैं। इसके अलावा सभी थानों में कुल 137 क्लस्टर मोबाइल टीमें गठित की गई हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर हालात पर नजर रखेंगी और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करेंगी।

संवेदनशील इलाको में तैनात रहेगा अतिरिक्त बल
इसके साथ ही संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ अतिरिक्त बल तैनात रहेगा. नेपाल सीमा से सटे होने और कई थाना क्षेत्रों में मिश्रित आबादी होने के कारण पुलिस ने विशेष निगरानी की व्यवस्था की है. पूर्व में विवादित रहे होलिका दहन स्थलों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर लिया गया है। संबंधित थानाध्यक्षों को त्योहार रजिस्टर का अवलोकन कर लंबित विवादों का पूर्व निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अति संवेदनशील स्थानों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस पिकेट तैनात रहेंगे. होली के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के मार्ग का पूर्व सर्वेक्षण कर लिया गया है. जुलूस के दौरान ड्यूटी बॉक्स फॉर्मेशन में लगाई जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर रूफ टॉप ड्यूटी भी की जाएगी।

जबरन चंदा वसूली पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
इसी कड़ी में बिना अनुमति डीजे और लाउडस्पीकर के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी पूरी तरह वर्जित रहेगी और जबरन चंदा वसूली पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। भीड़भाड़ वाले बाजारों, चौराहों और प्रमुख प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।


ड्रोन कैमरों से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी
इसके साथ ही ड्रोन कैमरों की सहायता से भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग द्वारा एंटी सबोटाज चेकिंग कराई जाएगी। यूपी-112 वाहनों को संवेदनशील मार्गों पर तैनात कर उनका रिस्पांस टाइम बेहतर रखने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध और जहरीली शराब की बिक्री तथा परिवहन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार छापेमारी करेंगी। पर्व के दिन शराब की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।

जनपद स्तर पर नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा
पूर्व में विवादों में शामिल अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है और भारी मुचलके की कार्रवाई सुनिश्चित की गई है. सोशल मीडिया की सतत निगरानी के लिए विशेष टीम सक्रिय रहेगी और किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

जनपद स्तर पर नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। स्वास्थ्य विभाग, 108 एंबुलेंस सेवा और जिला अस्पताल को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

इसके अलावा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया है कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाएं और आमजन के साथ सौम्य व्यवहार रखें। नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और भाईचारा बनाए रखें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।