Maharajganj News : 'गैस खत्म' का झूठ, गोदाम में भरे मिले 27 सिलेंडर! फरेंदा में कालाबाजारी का बड़ा खुलासा

    20-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के फरेंदा क्षेत्र में 'गैस की किल्लत' के पीछे छिपे खेल का बड़ा खुलासा हुआ है। प्रशासन की संयुक्त टीम, जिसमे पुलिस, पूर्ति निरीक्षक और बाट-माप अधिकारी शामिल थे, ने मंगलवार को आनंदनगर गैस एजेंसी की सच्चाई सामने ला दी जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। टीम ने एजेंसी के गोदाम से 27 भरे सिलेंडर बरामद किए। एजेंसी ग्राहकों को गैस खत्म होने का बहाना बनाकर लौटा रही थी।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि आनंदनगर गैस एजेंसी के संचालक ग्राहकों को गुमराह कर रहे थे। लेखपाल की मौजूदगी में इन 27 सिलेंडरों का तत्काल आम ग्राहकों में वितरण कराया गया। पूर्ति निरीक्षक इशान्त प्रताप सिंह को इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

एक जिम्मेदार अधिकारी ने बताया कि यह कालाबाजारी ग्राहकों के साथ सीधा धोखा है। उन्होंने भविष्य में ऐसी अनियमितताओं के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने की बात कही।


धानी स्थित राधे एचपी गैस एजेंसी में भी चिंताजनक स्थिति पाई गई। गोदाम में एक भी भरा सिलेंडर नहीं मिला और 15 मार्च से गैस आपूर्ति पूरी तरह बाधित थी। टीम ने पूर्ति विभाग के माध्यम से एचपी गैस अधिकारियों से तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संपर्क किया। ग्रामीणों ने शिकायत की कि वे लंबे समय से गैस संकट झेल रहे हैं, जिससे उनकी घरेलू रसोई प्रभावित हो रही है।

निरीक्षण केवल गैस एजेंसियों तक सीमित नहीं रहा। टीम ने धानी बाजार और आनंदनगर बाजार के रेस्टोरेंट व दुकानों पर भी छापा मारा। आनंदनगर के पन्नेलाल रेस्टोरेंट से व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। पूर्ति निरीक्षक ने इन पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी कार्रवाई और तेज की जाएगी। यह निरीक्षण ग्रामीण क्षेत्रों में ईंधन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, और जिले की अन्य एजेंसियों पर भी नजर रखी जा रही है।

स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि अब उन्हें गैस के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।