Maharajganj News : 60 का माल 100 में! मक्का से कॉस्मेटिक तक करोड़ों का काला धंधा
21-Mar-2026
Total Views |
ठूठीबारी। महराजगंज के ठूठीबारी बॉर्डर पर इन दिनों तस्करी का खेल फलफूल रहा है। तस्कर दिन के उजाले में चीनी, चावल बॉर्डर के पास एकत्र करते हैं और अंधेरा होते ही बॉर्डर के पार पहुंचा देते हैं। इन दिनों नेपाल से विदेशी मक्का, अखरोट और भारतीय सीमा क्षेत्र से काफी बीज कास्मेटिक, जूता की तस्करी जोरों पर है।
सीमा खुली होने के कारण तस्कर इसका लाभ उठा रहे हैं। हालांकि समय-समय पर पुलिस और जीएसटी की टीम कार्रवाई करती रहती है। तस्कर नेपाल से विदेशी मक्का 60 रुपये किलो खरीदकर भारत में 100 रुपये किलो बेचते हैं। नेपाल में अखरोट 250 रुपये किलो भारत में आने पर 500 रुपये किलो, लेबल लगे जूतों की भारतीय कीमत 200 रुपये है नेपाल में जाते ही इसकी कीमत 600 सौ भारतीय रुपये हो जाती है।
वहीं कोजिक एसिड एंड टर्मरिक क्लिसिंग क्रीम 36 रुपये पीस मिलता है जो नेपाल में रेट लेबल लगा 200 से 300 रुपये में बिकती है। इसका ज्यादा उपयोग मसाज सेंटरों एवं बार में किया जाता है। भारत में काफी बीज 1,100 रुपये किलो है। नेपाल में इसे 3000 रुपये किलो में बेचकर तस्कर मालामाल हो रहे हैं।
गुरुवार की रात ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द में निचलौल नायब तहसीलदार पियूष जायसवाल, कस्टम अधीक्षक भगवान शाह, लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष कुमार पटेल की संयुक्त टीम की ओर से छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद हुआ था।
निचलौल कस्टम अधीक्षक भगवान शाह ने बताया कि लक्ष्मीपुर खुर्द में एक घर में रखे भारी मात्रा में करीब 7 लाख रुपये के काफी बीज, 120 बोरी सरसो, 6 बंडल जूता व कास्मेटिक मिला था। इसमें व्यापारी द्वारा काफी बीज व सरसों संबंधित कागजात मौके पर दिखाए जाने पर छोड़ दिया गया। छह बंडल सामान में प्रत्येक बंडल में 222 पीस जूता, कास्मेटिक में 672 पीस कोजीक एसिड एंड टर्मरिक क्लिसिंग फेसवाश बरामद किया गया था।