Maharajganj News : बच्चों से झाड़ू लगवा रहे शिक्षक? अचलगढ़ स्कूल से चौंकाने वाला मामला
23-Mar-2026
Total Views |
इबरार पठान/इमदादुल्ला खान
महराजगंज। जनपद के लक्ष्मीपुर ब्लाक के अंतर्गत ग्राम अचलगढ़ में स्थित सरकारी कंपोजिट विद्यालय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि विद्यालय में निर्धारित नियमों की अनदेखी कर प्रधानाचार्य और शिक्षक मनमाने ढंग से स्कूल का संचालन कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि भारत सरकार द्वारा बच्चों मुफ्त शिक्षा, किताबें, भोजन और सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराने के बावजूद स्थिति इसके विपरीत है। आरोप है कि स्कूल में बच्चों से ही झाड़ू लगवाकर कचरा साफ़ करवाया जाता है जो कि नियमों के बिलकुल विपरीत है।
इतना ही नहीं शिक्षा तो छोड़िये, बच्चों के खानपान की जो नियमावली बनायीं गयी है, उस हिसाब से भोजन भी नहीं दिया जाता। स्कूल भी समय से पहले खोल दिया जाता है। मसलन, अध्यापकों को 9:00 बजे विद्यालय आना है लेकिन स्कूल 7:00 बजे ही खोल दिए जाते हैं।ऐसे में बच्चे आपस में झगड़ते रहते हैं और अनुशासन की स्थिति बिगड़ी रहती है। इतना ही नहीं, राष्ट्रगान के दौरान भी लापरवाही का आरोप सामने आया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
मामले को लेकर जब संबंधित शिक्षक से सवाल किया गया तो उन्होंने कथित तौर पर टालमटोल रवैया अपनाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और मुख्यमंत्री से इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि बच्चों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोका जा सके।