Maharajganj News : 51 किमी की ‘ड्रीम रेल लाइन’ का इंतजार खत्म होने को! अब दूसरे चरण में क्या होगा बड़ा बदलाव?

    24-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
आनंदनगर-घुघली नई रेल लाइन परियोजना अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। इस निर्माण परियोजना में घुघली से महराजगंज तक टेंडर अवार्ड होने के बाद अब द्वितीय चरण के तहत महराजगंज से आनंदनगर तक के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा आनंदनगर यार्ड के रिमॉडलिंग कार्य के लिए भी प्रक्रिया जारी है।

आनंदनगर-घुघली नई रेल लाइन निर्माण परियोजना के लिए आवश्यक भूमि 244 हेक्टेयर अधिगृहीत की जा चुकी है। इस नई रेल लाइन की कुल लंबाई 51.3 किमी है। इसके मध्य एक महत्वपूर्ण पुल का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिसमें से 20,000 घनमीटर मिट्टी का कार्य पूरा हो चुका है।


एनईआर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि आनंदनगर-घुघनी नई लाइन परियोजना के अंतर्गत 25 बड़े पुल बनाए जाएंगे, जिन पर काम प्रगति पर है। इस परियोजना में 8 छोटे पुल, 44 सड़क अंडरपास और सीमित ऊँचाई वाले सब-वे भी बनाए जाएंगे, जिनमें छह पर काम चल रहा है।

वहीं, आनंदनगर स्टेशन यार्ड और महराजगंज स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। वर्तमान में गोंडा से पनियहवा होते हुए आनंदनगर, गोरखपुर, गोरखपुर कैंट और घुघनी तक कुल दूरी 307 किमी है। इस नई रेल लाइन के बन जाने पर यह दूरी 42 किमी कम होकर 265 किमी रह जाएगी।