Maharajganj News : शादी में गैस चाहिए? पहले बतानी होगी मेहमानों की संख्या
24-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज में एलपीजी सिलेंडर को लेकर आये नए नियमों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। 14 अप्रैल से सहालग फिर से शुरू हो जाएगा। सिलेंडर बुकिंग व वितरण के बदले नियमों के कारण अगर विशेष कार्यक्रम के लिए सिलिंडर चाहिए तो आयोजकों को मेहमानों की संख्या बतानी होगी।
यह प्रक्रिया बुकिंग के समय ही करनी होगी तभी सिलेंडर की उपलब्धता संभव है। इसके लिए ''हेलो बीपीसीएल'' एप में नए फीचर जोड़कर भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड ने जारी किया है। स्मार्टफोन में एप को डाउनलोड सुविधा का लाभ लिया जा सकता है।
जनपद में 21 लाख घरेलू गैस के कनेक्शन धारक हैं। साथ ही दो लाख उज्ज्वला के कनेक्शन धारकों की संख्या है। ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर पाने व बुकिंग के नियम बदले हैं। 21 दिन की बुकिंग का नियम सख्त करने के कारण लिमिट से अधिक सिलेंडर लेना मुश्किल हो गया है।
अब एलपीजी सिलेंडर वितरण की डिजिटल निगरानी के लिए भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने हेलो बीपीसीएल एप में नए फीचर जोड़ते हुए प्रभावी किया है। अब वह उपभोक्ता जो वर्ष भीतर कोटे का सिलिंडर प्राप्त कर चुके हैं या रिफिल करा चुके हैं उन्हें नई बुकिंग के लिए हेलो बीपीसीएल एप पर सवालों के जवाब देने होंगे।
मेसर्स महराजगंज इंडेन के संचालक चंद्रजीत भारती ने बताया कि एक सिंगल या डबल सिलेंडर धारी उपभोक्ता के लिए एक साल में सिर्फ 12 सिलेंडर का कोटा तय है। ऐसे उपभोक्ता जो इस लिमिट को पूरा कर चुके उनके पंजीकृत नंबर से गैस की बुकिंग नहीं होगी। अगर वह गैस सिलेंडर चाहते हैं तो उन्हें स्मार्ट फोन में हेलो बीपीसीएल एप डाउनलोड करना होगा।
इस पर बुकिंग कर सकेंगे लेकिन सिलेंडर क्यों चाहिए यह बताना होगा। शादी, विवाह या मांगलिक उत्सव में कैटर्स के लिए जरूरत है तो मेहमानों की संख्या को बताना होगा। इस प्रक्रिया को प्रभावी करने के पीछे कालाबाजारी रोकने व डिजिटल निगरानी बढ़ाने की मंशा बताई जा रही है। एजेंसी पर बुकिंग के लिए आने वाले लोगों को इस नए प्रावधान के विषय में बताया जा रहा है।
हेलो बीपीसीएल पर दिख रहे चार सवाल नए प्रावधान के तहत एक वर्ष में 12 सिलेंडर के अतिरिक्त सिलेंडर की बुकिंग के लिए कारण बताना होगा। कारणों में निम्न विकल्प दिख रहे। *परिवार में छह या इससे अधिक सदस्य हैं। * परिवार में मेहमान आए हैं। * शादी, भंडारा या अन्य कार्यक्रम है तो आने वाले मेहमानों की संख्या।