Maharajganj News : गेहूं खरीद से पहले सख्त अलर्ट! 48 घंटे में भुगतान नहीं तो कार्रवाई तय
24-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में रबी विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजनांतर्गत गेहूं खरीद के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक गेहूं क्रय केंद्र पर गेहूं खरीद के लिए प्राथमिक तैयारी समय से पूरा कर लें। समस्त क्रय केंद्र प्रभारी निर्धारित समय से अपने केंद्र पर उपस्थित रहें।
जिलाधिकारी ने कहा कि क्रय केंद्रों पर गेहूं विक्रय के लिए आने वाले किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थल, स्वच्छ व शीतल पेयजल इत्यादि की समुचित व्यवस्था की जाए। यदि केंद्रों पर किसानों की अत्यधिक आवक होती है तो उसके दृष्टिगत केंद्र पर टोकन निर्गत किया जाए। किसानों को उनकी उपज के विक्रय के 48 घंटे के भीतर उनका भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र पर महिला/दिव्यांग/वृद्ध किसानों के आने पर उन्हें तौल में वरीयता दी जाए। किसानों से उतराई धराई के मद में निर्धारित शुल्क 20 प्रति क्विंटल ही लिया जाए। इससे अधिक शुल्क लेने की शिकायत मिलने अथवा केंद्र प्रभारी द्वारा किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत पाये जाने पर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने किसान बंधुओं से अपील की कि किसान बंधु खाद्य तथा रसद विभाग के पोर्टल https://fcs.up.gov.in अथवा यूपी किसान मित्र एप के माध्यम से गेहूं विक्रय के लिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
पंजीकरण के समय किसान द्वारा अपने गेहूं के बोए गए रकबे का विवरण पोर्टल पर दर्ज करना होगा तथा सक्रिय मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी द्वारा अपना पंजीकरण लॉक करना होगा। समस्त कृषक बंधु अपनी उपज के समर्थन मूल्य का तत्काल भुगतान प्राप्त करने के लिए अपने बैंक खाते को आधार से लिंक एवं एनपीसीआई से मैपिंग कराना न भूलें।