Maharajganj News : गर्मी बढ़ते ही त्वचा रोगों का हमला! अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भीड़
25-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिला संयुक्त चिकित्सालय में इन दिनों त्वचा रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मौसम के लगातार बदलते मिजाज और गर्मी बढ़ने के साथ-साथ लोकल कॉस्मेटिक उत्पादों के इस्तेमाल से यह समस्या और गंभीर होती जा रही है।
अस्पताल में रोजाना 80 से 100 तक स्किन के मरीज पहुंच रहे हैं। एक सप्ताह पहले इन बीमारियों के मरीजों की संख्या 60-80 के तक थी। इनमें महिलाओं की संख्या सबसे अधिक है।
डॉक्टरों के अनुसार, मुख्य रूप से खुजली, दाद-खाज, एक्जिमा, फंगल इंफेक्शन और मोस्टर जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं। कई मरीजों के चेहरे पर दाग-धब्बे पड़ रहे हैं, लाल चकत्ते उभर आए हैं और जलन की समस्या हो रही है। गर्मी के कारण पसीना ज्यादा आना, त्वचा का तैलीय होना और फिटिंग वाले कपड़ों का इस्तेमाल इन समस्याओं को बढ़ावा दे रहा है।
खासकर युवतियां और 40-50 वर्ष की महिलाएं इससे ज्यादा प्रभावित हो रही हैं। लोकल बाजार में बिकने वाले सस्ते कॉस्मेटिक सामान में हानिकारक केमिकल होते हैं। यह त्वचा को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि मौसम के बदलाव और अनुचित उत्पादों के इस्तेमाल से त्वचा पर एलर्जी, रैशेज और संक्रमण की घटनाएं बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को ढीले और सूती कपड़े पहनने चाहिए। पसीने से बचने के लिए शरीर को साफ-सुथरा रखें।
रोजाना स्नान करें और त्वचा को नम रखने के बजाय सूखा रखने की कोशिश करें। अगर चेहरे पर दाग, खुजली या चकत्ते नजर आए तो घरेलू उपचार से बचें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। देरी करने से समस्या बढ़ सकती है।