Maharajganj News : गैस के लिए बेकाबू भीड़! सिलेंडर न मिलने पर सड़क पर उतरे लोग, आधे घंटे ठप रहा शहर
25-Mar-2026
Total Views |
नौतनवा। नौतनवा में गैस की किल्लत ने अब उग्र रूप ले लिया है। सिलेंडर न मिलने से नाराज़ लोगों ने मंगलवार को मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया जिससे पूरे कस्बे की रफ़्तार थम गयी।
एक दिन पहले से ही लोग चिह्नित स्थानों पर लाइन लगाकर खड़े हो जा रहे हैं। तमाम प्रयासों के बाद भी गैस की किल्लत दूर होने का नाम नहीं ले रही है। गैस नहीं मिलने पर मंगलवार को कुछ लोगों ने नौतनवा कस्बे के मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर सड़क को खाली कराया। इस दौरान आधे घंटे तक रास्ता पूरी तरह से जाम रहा।
सोमवार की शाम से ही नगर स्थित गैस गोदाम, पुराना नौतनवा चौराहा एवं डाक बंगले के पास उपभोक्ता गैस की लाइन लगाकर खड़े हो गए। कुछ लोगों ने गैस के लिए सड़क किनारे ही मच्छरदानी में बैठकर पूरी रात गुजार दी, तब जाकर उन्हें मंगलवार की सुबह गैस उपलब्ध हो पाया।
वहीं काफी उपभोक्ताओं ने गैस न मिल पाने के कारण आक्रोश में आकर गैस एजेंसी कार्यालय का घेराव किया। साथ ही डाक बंगले के पास लोगों ने सड़क पर ही गैस सिलेंडर बिछाकर चक्का जाम तक कर दिया।
मुख्य मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थमने से थोड़ी ही देर में पूरा शहर कराह उठा और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। तब जाकर स्थिति सामान्य हुई।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव का कहना है कि गैस सिलेंडर के लिए लोग परेशान हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस फोर्स की तैनाती भी की गई है। मंगलवार को कुछ लोग आवेश में आकर सड़क पर उतरे थे, उन्हें कुछ ही देर में वहां से हटा दिया गया।