Maharajganj News : सिसवा में ‘फ्यूल क्राइसिस’! तीन पेट्रोल पंप पर तेल ख़त्म, एक पर उमड़ी भीड़

    25-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
सिसवा नगर पालिका में मंगलवार को अचानक पेट्रोल की किल्लत से हालात बिगड़ गए। नगर के चार में से तीन पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसके बाद स्थिति यह हो गयी कि देर शाम एकमात्र चालू पंप पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस किल्लत का कारण इराक-इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष को बताया जा रहा है, जिससे आपूर्ति प्रभावित हुई है।

सिसवा नगरपालिका में कुल चार पेट्रोल पंप हैं। इनमें से दो सेनानी नगर वार्ड में, एक विवेकानंद नगर वार्ड में और एक गांधी नगर वार्ड में स्थित है। मंगलवार शाम तक तीन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल समाप्त हो गया, जिसके कारण वे बंद हो गए।


इसके परिणामस्वरूप, गांधी नगर वार्ड स्थित एकमात्र चालू पेट्रोल पंप पर देर शाम दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों की भारी भीड़ जमा हो गई। पंप कर्मचारी ग्राहकों को बारी-बारी से पेट्रोल उपलब्ध करा रहे थे, लेकिन भीड़ लगातार बनी हुई थी।

नगर के एक पेट्रोल पंप संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सीमित हो गई है। उनके अनुसार, ऑर्डर देने के चार से पांच दिन बाद टैंकर पहुंच रहे हैं, जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है।