Maharajganj News : फरेंदा में तेल को लेकर हड़कंप ! एक दिन में 5 गुना बढ़ी डीजल बिक्री, कई पंपों पर स्टॉक खत्म
26-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के फरेंदा कस्बे में बुधवार देर रात पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की आशंका के चलते पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान डीजल की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
फरेंदा कस्बे के निराला नगर स्थित एक पेट्रोल पंप पर लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर 500 लीटर की पानी की टंकी और 200 लीटर के ड्रमों में डीजल भरवाते देखे गए। कई अन्य पेट्रोल पंपों पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, और ग्राहक बड़ी-बड़ी केन में भी तेल भरवाते नजर आए।
रोजमर्रा के मुकाबले डीजल की बिक्री में पांच गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक पेट्रोल पंप मालिक के अनुसार, सामान्य दिनों में जहां लगभग पांच हजार लीटर डीजल बिकता था, वहीं बुधवार को यह आंकड़ा 18 हजार लीटर तक पहुंच गया। तेल पहले भरवाने को लेकर ग्राहकों के बीच कहासुनी की घटनाएं भी सामने आईं। हालांकि, पेट्रोल भरवाने वालों की भीड़ अपेक्षाकृत कम थी।
भारी मांग के चलते कुछ पेट्रोल पंपों पर डीजल का स्टॉक खत्म होने की भी सूचना सामने आई है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।